चौरी। दुरासी में सरकारी जमीन पर आंबेडकर मूर्ति रखने व सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने रविवार को 6 नामजद व 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि 22 फरवरी को बड़ी संख्या में महिला व पुरुष पहुंचकर दुरासी आए और सरकारी जमीन पर कब्जे के नियत से आंबडेकर मूर्ति रखने लगे। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस जब मूर्ति रखने से रोकने लगी तो भीड़ पुलिस से उलझ गई और विवाद करने पर आमादा हो गई। मामला गरम देख मौके पर और पुलिस फोर्स पहुंच गई और किसी तरह हालात को नियंत्रण में किया। पुलिस ने इस मामले में सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं मुकदमा दर्ज किया है। दूसरी तरफ आरोप है कि बढ़ोना निवासी विनोद गौतम ने ही सभी को भड़का के मौके पर ले जाकर मूर्ति रखवा रहा था और सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर पुलिस के खिलाफ लोगों को भड़काने का कार्य किया। पुलिस ने विनोद गौतम के अलावा दुरासी निवासी उमेश कुमार, सुरेश कुमार, प्रवेश कुमार, अरविंद कुमार, मोतीलाल के साथ 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक रामसरीख गौतम ने बताया कि संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।