नगर के एक बड़े कालीन प्रतिष्ठान में रविवार की सुबह भीषण आग लग गई। आग लगने से लाखों का कच्चा माल जलकर नष्ट हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकद की तीन गाड़ियों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान घंटों अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई थी। पीड़ित के अनुसार आग लगने से दो करोड़ का नुकसान हुआ है।
भदोही रेलवे स्टेशन के समीप स्टेशन रोड स्थित के-इंटरनेशनल कालीन कंपनी में रविवार की सुबह आग लग गई। आग देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। अल सुबह लगभग 4.30 बजे आग लगने के 45 मिनट के बाद इसकी जानकारी हुई। सूचना लगते ही अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना कंपनी के मालिक को दी और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। दूसरी तरफ सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अग्निशमन विभाग को भी इसकी जानकारी दी गई। सूचना दिए जाने के लगभग आधे घंटे बाद एक दमकल पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। लेकिन गोदाम में रखे कच्चे माल के कारण आग और भी विकराल हो गई। इस बीच आधे घंटे बाद दो और दमकल पहुंची। आग इतनी विकराल थी कि अग्निशमन की तीन गाड़ियों के पानी समाप्त हो गए। इससे वाहनों को पानी के लिए भटकना पड़ा। लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया गया। पीड़ित कालीन निर्यातक कमरूद्दीन अंसारी के बेटे राशीद अंसारी ने बताया कि आग के कारण गोदाम में रखा कच्चा माल काती के अलावा तैयार माल सहित कुल दो करोड़ का नुकसान हुआ है। लोगों का कहना है कि गोदाम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।