ज्ञानपुर। जिले में संक्रामक बीमारियों के बढ़े खतरे के बीच जिला चिकित्सालय की एक महिला चिकित्सक भी डेंगू की चपेट में आ गई हैं। हालांकि डेंगू से संक्रमित होने के बाद वे बीते एक सप्ताह से अवकाश पर चल रही हैं। जिला चिकित्सालय की महिला चिकित्सक के डेंगू से ग्रसित होने के बाद स्वास्थ्य महकमा सतर्क है। इसके पहले दो लोगों की रिपोर्ट डेंगू पॉजीटिव आ चुकी है।
जिला चिकित्सालय के सीएमएस डाॅ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि एक महिला चिकित्सक पांच सितंबर को लखनऊ गई थीं। इसके बाद छह सितंबर से वे लगातार अवकाश पर चल रही हैं। विभाग को दिए मेडिकल लीव में उन्होंने डेंगू का हवाला दिया है। बताया कि महिला चिकित्सक की डेंगू ग्रसित होने के बाद लगातार उनकी मॉनीटिरिंग हो रही है। वे पूरी तरह से स्वस्थ्य हैं और दो से तीन दिनों के भीतर चिकित्सालय आएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि चिकित्सालय में इस तरह का कोई असर नहीं है।
चिकित्सालय में न तो दवा का छिड़काव हुआ है और न ही किसी की जांच कराई गई है। सभी स्वास्थ्यकर्मी स्वस्थ्य हैं। अगर किसी में कोई लक्षण दिखता है तो जांच कराई जाएगी। इसके पहले सुरियावां के कड़ोर और भदोही के घमहापुर वार्ड में दो डेंगू मरीज मिल चुके हैं। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग वहां पर नियमित दवाओं का छिड़काव कर लोगों को साफ-सफाई के लिए प्रेरित कर रहा है।