किशोरी नाजिया को आत्महत्या के लिए उकसाने व उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बाद सपा विधायक जाहिद जमाल बेग अपनी पत्नी सीमा बेग के साथ गिरफ्तारी के डर से आवास छोड़कर भाग गए हैं। रविवार को विधायक आवास पर पहुंची पुलिस ने उनके बेटे जईम बेग को हिरासत लिया है। देर शाम तक कोतवाली में बेटे से पूछताछ जारी थी। इधर, विधायक आवास पर सुबह से ही सपा कार्यकर्ता जुट गए थे।
सपा विधायक जाहिद बेग के पचभैया वार्ड स्थित आवास पर आठ सितंबर की रात 17 वर्षीय किशोरी नाजिया ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली थी। किशोरी नौ साल से विधायक के यहां काम कर रही थी। घटना के अगले दिन श्रम विभाग, सीडब्ल्यूसी और पुलिस को विधायक के आवास से एक और नाबालिग किशोरी मिली थी।
किशोरी व उसके माता-पिता ने पुलिस को बताया था कि नाजिया और उसको बात-बात पर डांटा-फटकारा और मारा-पीटा जाता था। इसी बयान के आधार पर पुलिस ने शनिवार को विधायक जाहिद बेग और उनकी पत्नी सीमा बेग के खिलाफ बंधुआ मजदूरी, उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया था। गिरफ्तारी के डर से शनिवार को ही विधायक और उनकी पत्नी आवास छोड़कर भाग गए थे।
रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजबीर सिंह के साथ पुलिस टीम विधायक आवास पर पहुंची। यहां पर पुलिस ने उनके बेटे जईम बेग को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए कोतवाली लेकर आई। वहीं, विधायक के आवास पर पुलिस का पहरा बढ़ा दिया गया है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी कात्यायान ने बताया कि विधायक और उनकी पत्नी पर लगे आरोप गंभीर हैं। मुकदमा भी गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ है। विधायक की गिरफ्तारी की जाएगी। उनके बेटे को पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है।