औराई। कोतवाली क्षेत्र के बभनौटी बाजार में सोमवार को एक अनियंत्रित कार ने दुकान के सामने बैठे बाप-बेटे को धक्का मार दिया। हादसे में पिता की मौत हो गई और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना से क्षुब्ध स्थानीय लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया था। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन शांत कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बभनौटी निवासी अब्बास (60) की बाजार में दुकान है। सोमवार को वह अपने बेटे हशमत के साथ दुकान के सामने बैठा था। उसी दौरान औराई से भदोही जा रही एक कार अनियंत्रित होकर दुकान की तरफ मुड़ गई और दोनों उससे टकरा गए। अब्बास की कुचल जाने की वजह से मौके पर ही मौत हो गई जबकि हशमत गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने शोर-शराबा करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग सड़क पर आ गए। सूचना पर पहुंचे कोतवाल सच्चिदानंद पांडेय ने लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल हशमत को परिवार के लोग एक निजी चिकित्सालय ले गए। औराई पुलिस ने मौके से ही कार और उसके चालक को भी गिरफ्तार किया। घटना से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
इनसेट
पति समेत पांच पर दहेज हत्या का केस
औराई। कोतवाली क्षेत्र के घरौंदा गांव में विवाहिता की अबूझ हाल में मौत के मामले में पुलिस ने सोमवार को पति समेत पांच के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। गांव निवासी शिव नरेश सरोज की पत्नी सीमा (20) की रविवार की रात में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई विशाल सरोज निवासी जड़उपुर ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि मेरी बहन के साथ एक वर्ष से ससुराल पक्ष के लोग प्रताड़ित र रहे थे। एक बुलेट की मांग की जा रही थी। पुलिस ने पति शिव नरेश, ससुर अलगू, सास मुन्नी देवी, देवर मोनू, ननद सुधा, जेठानी नीलम के खिलाफ केस दर्ज किया। संवाद