भारतीय किसान संघ के निर्देश पर सैकड़ों किसानों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया।
जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष व किसान नेता राकेश सिंह तथा भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष रामदयाल राय के नेतृत्व में जुटे किसानों ने नारेबाजी की।
साथ ही सीएम को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। राकेश सिंह ने बताया कि पत्रक के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि को 6,000 से बढ़ाकर 12,000 सालाना करने, रबी की फसल के लिए डीएपी व यूरिया की पर्याप्त और निर्धारित दरों पर उपलब्धता कराने, पराली जलाने पर किसानों पर दंडात्मक कार्रवाई न करने तथा चकबंदी कार्यों में पारदर्शिता लाने की मांग की गई।
इस दाैरान देवेंद्र सिंह, अश्वनी कुमार सिंह, प्रेमलता राय, शंकर मौर्य, राम नगीना राय, रवींद्रनाथ गुप्ता, वशिष्ठ नारायण राय मौजूद रहे।