ज्ञानपुर। शासन की प्राथमिकताओं में शामिल आईजीआरएस निस्तारण में लापरवाही बरतना औराई कोतवाली के उप निरीक्षक को भारी पड़ गया। फर्जी रिपोर्ट लगाने पर उप निरीक्षक शमशाद खां को पुलिस अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी कात्यायन ने मंगलवार को निलंबित कर दिया। उन्होंने अन्य जांचकर्ताओं को सख्त हिदायत दिया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए अन्यथा कठोर कार्रवाई होगी।
औराई कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने एक आरोपी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। जिसकी जांच उप निरीक्षक शमशाद खां को दी गई। उप निरीक्षक की ओर से आईजीआरएस प्रार्थना पत्र की जांच के दौरान बिना आवेदिका के बयान अंकित एवं संपर्क किए ही जांच आख्या उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया। जांचकर्ता की ओर से अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन न करते हुए लापरवाही बरती गई। मामला संज्ञान में आने पर पुलिस अधीक्षक ने आईजीआरएस प्रकरण में लापरवाही बरतने और फर्जी रिपोर्ट लगाने के आरोप में जांचकर्ता शमशाद खां को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच का आदेश दिया। उन्होंने साथ ही सभी जांचकर्ताओं को सख्त निर्देश दिया कि महिलाओं और बालिकाओं से संबंधित प्रकरणों में गंभीरता पूर्वक जांच कर निस्तारित निस्तारण करें।