ज्ञानपुर। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस कोरमपूर्ति तक सिमटकर रह गया। 91 प्रार्थना पत्रों में सिर्फ 15 का निस्तारण हुआ, जबकि 76 मामले लंबित रह गए। राजस्व विभाग से अधिक मामले आने पर सीडीओ यशवंत कुमार सिंह ने नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह में लंबित मामलों को निस्तारित करने का निर्देश दिया।
ज्ञानपुर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के मद्देनजर सुबह 10 बजे से ही फरियादी पहुंचने लगे। डीएम के नहीं आने से सीडीओ की अध्यक्षता में शुरू समाधान दिवस शुरू हुआ। बारी-बारी से फरियादियों की समस्याएं सुनी गई। जिसमें राजस्व के मामले सबसे अधिक आए। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पुलिस विभाग की भी शिकायतें पहुंची। जिसके निस्तारण के लिए निर्देश दिया गया।
सीडीओ ने कहा कि समाधान दिवस शासन की प्राथमिकता में शामिल है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तहसील में कुल 31 प्रार्थना पत्रों में छह निस्तारित हुए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक, एसडीएम आकाश कुमार आदि रहे। भदोही तहसील में एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य की अध्यक्षता में आम जन की फरियाद सुनी गई। यहां आए 23 प्रार्थना पत्रों में चार का निस्तारण किया गया। इस मौके पर एसडीएम शिव प्रकाश यादव आदि रहे।
औराई तहसील में एसडीएम योगेंद्र साहू और सीओ उमेश्वर प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। यहां आए 37 प्रार्थना पत्रों में पांच का निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने तहसील में लगे बाल विकास पुष्टाहार विभाग, स्वास्थ्य विभाग का कोविड बुस्टर डोज, आयुष्मान गोल्डेन कार्ड, परिवार नियोजन, समाज कल्याण विभाग के वृद्धावस्था पेंशन, महिला कल्याण विभाग के महिलाओं एवं बालिकाओं के उन्नयन हेतु विविध योजना मिशन शक्ति, राजस्व विभाग हेल्प डेस्क आदि का अवलोकन किया।