भारतीय हस्तशिल्प उपहार मेले मे भदोही के स्टाल में प्रदर्शतकालीनें। स्रोत- निर्यातक
भदोही। जिले के कालीन निर्यातक अब कारपेट एक्सपो के साथ-साथ होम फर्निशिंग मेलों पर भी ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। पिछले दिनों अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से घटाए गए टैरिफ से कालीन उत्पादकों में जान फूंक दी है। वे अपने अब होम फर्निशिंग के एक्सपो में भी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि आगे चल कर लोग ऐसे एक्सपो में अपनी उपस्थिति बढ़ाएंगे। केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय के अधीन एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर हैंडमेड (ईपीसीएच) हर वर्ष ग्रेटर नोएडा में इंडिया एक्सपो मार्ट होम फर्निशिंग आयातकों को आकर्षित करने के लिए आईएचजीएफ दिल्ली फेयर-2026 स्प्रिंग का आयोजन करता है। यह फेयर भारतीय हस्तशिल्प उपहार मेले के नाम से जाना जाता है। पांच दिवसीय फेयर 18 फरवरी को समाप्त होगा। इसमें भदोही के लगभग डेढ़ दर्जन कालीन निर्यातक हिस्सा ले रहे हैं। गोपीगंज के निर्यातक संजय गुप्ता का मानना है कि उत्कृष्ट माल तैयार करने के बाद जब तब उन्हें प्रदर्शित नहीं करेंगे तो अच्छे खरीदार नहीं मिलेंगे। बताया कि यह फेयर बहुत बड़े पैमाने पर हो रहा है। तीन दिन में सैकड़ों आयातक आ चुके हैं। होम फर्निशिंग में कालीनों की भी गिनती होती है, इसलिए हमारे उत्पाद विदेशियों को लुभा रहे हैं। फेयर उम्मीद के मुताबिक काफी अच्छा जा रहा है। उधर, आयोजकों के अनुसार फेयर में 3000 से अधिक स्टॉल लगे हैं। जिनके माध्यम से होम फर्निशिंग के दो हजार आइटमों का प्रदर्शन किया जा रहा है। यह भी बताया कि कमोवेश 60 देशों से अधिक खरीदार इसमें भाग ले रहे हैं। इससे यह फेयर भी हर प्रकार के हस्तशिल्प उत्पादकों के लिए महत्वपूर्ण है। फेयर में कालीन उत्पादों के अलावा पीतल के गिफ्ट आईटम, कर्टेंस, बेडशीट, तकिए, फैंसी लैंप, फर्निचर आदि के अच्छे स्टाल लगे हैं।