ज्ञानपुर। ज्यूडिशियल रिमांड के लिए बृहस्पतिवार को ज्ञानपुर के पूर्व विधायक विजय मिश्र के पुत्र विष्णु मिश्र असलहा बरामदगी के मामले में सीजेएम न्यायालय में पेश किए गए। सुनवाई के लिए अगली तिथि 25 अगस्त तय की गई है। विष्णु मिश्र पक्ष के अधिवक्ता आनंद शुक्ला ने बताया कि पुणे से हुई गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कस्टडी रिमांड लिया था। इसी दौरान अमवा से एक-47, पिस्टल, कारतूस आदि की बरामदगी हुई। इसी मामले में ज्यूडिशियल रिमांड होना है। बता दें कि वर्ष 2020 में विष्णु मिश्र के रिश्तेदार कृष्ण मोहन तिवारी ने संपत्ति हड़पने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। उसके बाद वाराणसी की एक गायिका ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया। इन मामलों में गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापा मार रही थी। करीब दो साल की फरारी के बाद विष्णु मिश्र को जुलाई में पुणे से एसटीएफ वाराणसी की टीम ने गिरफ्तार किया था। विष्णु पर एडीजी जोन वाराणसी की ओर से एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित था।