ज्ञानपुर। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण का कार्य तेज कर दिया गया है। कोरोना के बढते संक्रमण को देखते हुए टीकाकरण केंद्रों पर लोगों की भीड़ उमड रही है। इसके चलते कई सेंटरों पर वैक्सीन कम पड़ रहे हैं तो लोगों अगले दिन बुलाया जा रहा है। शुक्रवार को पीएचसी महजूदा, कटरा, दुर्गागंज सहित कई केंद्रो पर भेजी गई वैक्सीन कम पड़ गई। देश के विभिन्न हिस्सों में कोरोना महामारी के बढ़ते दायरे को लेकर बुजुर्ग और बीमार सक्रिय हो गए हैं। वैक्सीनेशन को लेकर बढ़े उत्साह से प्रतिदिन वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या बढ़ रही है। जिले के 30 स्वास्थ्य केंद्रो पर शुक्रवार को वैक्सीन लगवाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, लेकिन कई पीएचसी पर वैक्सीन खत्म हो गई। जिसके कारण उन्हें दूसरे दिन बुलाया गया है। प्रतिदिन छह हजार बीमार और बुजुर्ग को टीकाकरण लगाने का लक्ष्य रखा है। स्वास्थ्य विभाग प्रतिदिन चार से साढ़े चार हजार लोगों को वैक्सीन लगा रहा है। दरअसल कोरोना वायरस के कारण मार्च से 31 जून 2020 तक पूरा देश लॉकडाउन रहा। जुलाई में अनलॉक होने के बाद धीरे-धीरे हालात सामान्य हुए। ठंड के दिनों में कोरोना संक्रमण के मामले थम गए थे, लेकिन मार्च से मुंबई, दिल्ली समेत कई महानगरों में संक्रमण दोबारा बढ़ने लगा है। जिसके कारण कई प्रांतो में रात्रिकालीन लॉकडाउन लगाना पड़ा है। मुख्यमंत्री की सख्त हिदायत के बाद बुजुर्ग और बीमार को तेजी से वैक्सीन लगाने का निर्देश दिया गया। शुरूआती दिनों में सेंटरों पर लोगों की संख्या कम दिखी लेकिन जैसे-जैसे कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं लोग वैक्सीन लगवाने के लिए सेंटरों पर पहुंच रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रो पर भी भीड़ अधिक होने से अक्सर वैक्सीन खत्म हो जा रही है। जिले में छह हजार लोगों को प्रतिदिन वैक्सीन लगाने का लक्ष्य दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक चार से साढ़े चार हजार लोगों को वैक्सीन लग रही है। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने बताया कि कुछ केंद्रो पर वैक्सीन खत्म हो जा रही है। उन केंद्रो पर रात में वैक्सीन उपलब्ध करा दी जा रही है। चिन्हित लोगों को दूसरे दिन वैक्सीन लगाई जा रही। नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि शुक्रवार को 4671 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।