कोतवाली क्षेत्र के माधोसिंह स्थित एक शिव मंदिर में घुसकर मनबढ़ युवकों ने वाराणसी के व्यक्ति की जमकर पिटाई कर दी। सीएचसी में भर्ती घायल संतोष कुमार पांडेय का पुलिस ने बयान दर्ज किया। चिरईगांव वाराणसी निवासी संतोष पांडेय का माधोसिंह निवासी युवक के यहां कुछ बकाया था। जिसे लेने के लिए वह आया। उसी दौरान विवाद होने पर उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित ने बताया कि वह जान बचाने के लिए शिव मंदिर में भागा, लेकिन मनबढ़ उसमें घुसकर लाठी और हाकी से मारापीटा। मंदिर के पुजारी की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उसे सीएचसी औराई में भर्ती कराया गया। कोतवाली प्रभारी सदानंद यादव ने कहा कि मामला लेनदेन का था। मंदिर में घुसकर मारपीट करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।