ज्ञानपुर। नए शिक्षा सत्र में शुक्रवार को महा अभियान में बेसिक शिक्षा विभाग ने तीन हजार से अधिक बच्चों का नामांकन कराया। अभिभावकों से पास के ही सरकारी स्कूलों में प्रवेश दिलाने पर जोर दिया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों की टीम चेतनीपुर सहित कई गांव में पहुंची। जहां ड्राप आउट बच्चों का नामांकन किया गया। बीएसए ने कहा कि सरकार परिषदीय स्कूलों में तमाम सुविधाएं दे रही है। ऐसे में अभिभावक उनका प्रवेश कराएं। खंड शिक्षा अधिकारी डीघ फ़राह रईस बारीपुर सहित आधा दर्जन गांवों में शिक्षकों संग पहुंची। जहां 50 से अधिक बच्चों का प्रवेश कराया। बीईओ सुरियावां सुमन केसरवानी, चंद्रशेेखर आजाद सहित अन्य खंड शिक्षा अधिकारियों, शिक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में नामांकन कराने के लिए गांवों में पहुंचे। बीएसए ने बताया कि विशेष महा अभियान में तीन हजार से अधिक बच्चों का नामांकन किया गया।