कलेक्ट्रेट के निर्वाचन कार्यालय में काम करते कर्मचारी। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। विधानसभा के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार से जिले में अधिसूचना लागू होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं। नामांकन स्थल सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगा। इसके साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर कलेक्ट्रेट परिसर की नाकेबंदी कर दी गई है। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्र ज्ञानपुर, भदोही और औराई के लिए अंतिम चरण में सात मार्च को मतदाना होगा। इसके लिए 10 फरवरी को अधिसूचना जारी होगी। 10 से 21 फरवरी तक नामांकन की पूरी प्रक्रिया होनी है। नामांकन के लिए पुलिस और प्रशासन सुरक्षा के हर इंतजाम कर चुका है। ज्ञानपुर विधानसभा का नामांकन एसडीएम ज्ञानपुर, औराई का चकबंदी और भदोही का एडीएम न्यायालय में होगा। तीनों नामांकन स्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है। यहां एक-एक थाना प्रभारी की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान साथ ही खुफिया विभाग के लोग मौजूद रहेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र मिश्र ने बताया कि सुरक्षा को लेकर व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। कलक्ट्रेट परिसर के सौ मीटर पहले ही चारों ओर ेबैरिकेडिंग की गई है। ताकि हर कोई अंदर प्रवेश न कर सके। वहीं नामांकन के दौरान हर समय वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट से नामांकन स्थल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं।