चौरी के अमवां गांव में मस्जिद की जमीन पर अतिक्रमण कर बनाई गई दीवार।
- फोटो : BHADOHI
चौरी। थाना क्षेत्र के अमवां गांव में पिछले दो माह से मस्जिद की जमीन पर अतिक्रमण का मामला सुलझ नहीं रहा। ऐसे में बिचौलिए तनाव बढ़ाने में जुटे हैं। समय रहते भदोही तहसील और औराई सर्किल पुलिस प्रशासन ने समझदारी से काम नहीं लिया तो बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। हालांकि मंगलवार को पुन: तहसीलदार भदोही तक मामले को पहुंचाकर एक पक्ष ने मामले में उचित कदम उठाने की पहल की। मामला यह है कि जिस जमीन पर मस्जिद बनी है वह जमीन मस्जिद के लिए ही राजस्व की खतौनी में दर्ज है जिसके एक हिस्से में वर्षों पर मस्जिद का निर्माण कराया गया था। आज भी वहां नमाज अदा की जा रही है। लेकिन दूसरे पक्ष की नियति में खोट आते ही मस्जिद की जमीन पर जबरन कब्जा करते हुए निर्माण भी शुरु करा दिया गया जिसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में गत माह मारपीट हुई थी और दोनों पक्ष से14 लोगों को जेल गए थे। बावजूद इसके मामले का निस्तारण न तहसीलदार बीडी गुप्ता करा पा रहे हैं न एसडीएम आशीष मिश्रा। सीओ औराई की भूमिका भी दोनों पक्षों में इस लिए संदिग्ध है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के 13 और दूसरे पक्ष के मात्र एक लोग के खिलाफ कार्रवाई करना चर्चाओं में है। नतीजतन अब नमाजियों को मस्जिद जाने के लिए रास्ते के लिए परेशान होना पड़ रहा है। यहां अतिक्रमण हो चुका है। विवाद के कारण ही राजस्व विभाग ने अतिक्रमण की रिपोर्ट अधिकारियों को लगा दी है। पीड़ित पक्ष के इलियास अहमद, अरमान अली, आशिक अली ने बताया कि विपक्षी न पंचायत की सुन रहे हैं न अधिकारियों की। ऐसे में बिचौलिए अपना मकसद पूरा करने में लग गए हैं। सीओ औराई लेखराज सिंह ने कहा कि मामले को संज्ञान में लेकर स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। वहीं तहसीलदार भदोही बीडी गुप्ता ने बताया कि उच्चाधिकारियों तक पत्रावली भेजकर मामला सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।