लोक निर्माण विभाग के संघ भवन में शुक्रवार को कर्मचारी संघ के कई संगठनों की बैठक हुई। इसमें औराई के ग्राम पंचायत अधिकारी पर हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताई गई। संगठनों ने सर्व सम्मति से निर्णय लिया कि दो जुलाई से पुलिस प्रशासन के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा। राज्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष धर्मराज यादव ने बताया कि आंदोलन के लिए जल निगम कर्मचारी संघ, पशुपालन कर्मचारी संघ, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ, डिप्लोमी इंजीनियर संघ समेत अन्य संगठनों ने समर्थन दिया है। तीन जुलाई तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर सभी दफ्तरों में कामकाज ठप रखने का निर्णय लिया गया। बैठक में आजाद अली, निपेंद्र दूबे, वीके श्रीवास्तव, शेष नारायण पाठक, देवी चरण आदि मौजूद रहे।