सुरियावा नगर में इलेक्ट्रीक की दुकान पर रखे पंखा व कुलर । संवाद
- फोटो : BHADOHI
सुरियावां। महंगाई का असर केवल खाने-पीने की वस्तुओं पर नहीं बल्कि गर्मी में उपयोग किए जाने वाले इलेक्ट्रानिक सामानों पर भी हैं। यहीं वजह है कि इस भीषण गर्मी में भी इलेक्ट्रानिक बाजार ठंडा है। बीते वर्ष की तुलना में इस वर्ष पांच से सात फीसदी तक दाम बढ़े हैं, जबकि लोगों की कमी नहीं। बाजार में कम खरीददार आने से दुकानदार चिंतित हैं। एकाध सामानों की कीमत 10 फीसदी तक बढ़ी है। जौनपुर जिले की सीमा पर सटे सुरियावां बाजार में छोटी-बड़ी करीब 12 से अधिक दुकानें इलेक्ट्रानिक सामानों की हैं। इन दुकानों पर कभी हर समय कोई न कोई ग्राहक जरूर रहता था, लेकिन इस समय दिन भर में दो-चार ही ग्राहक आ रहे हैं। दुकानदारों की मानें तो महंगाई के कारण ग्राहक कम आ रहे हैं। दो वर्ष तक कोरोना संकट के कारण लोगों के पास पैसा कम है। आलम यह है कि लोग पहले पुराने पंखा, कूलर, फ्रीज की मरम्मत कराना चाहते हैं। मरम्मत होने के बाद उससे काम चलाते हैं। यदि काम चल गया तो ठीक नहीं तो नया खरीदते हैं। इस बार मरम्मत पर लोग ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। बाजार के इलेक्ट्रानिक सामानों के विक्रेता सचिन उमर वैश्व ने कहा कि बीते वर्ष की तुलना में महज पांच से सात फीसदी ही दाम बढ़े हैं। बावजूद इसके ग्राहक कम आ रहे हैं। इसके पहले के वर्षों में ठीक-ठाक बिक्री हो जाती थी। वहीं मिठाई लाल ने कहा कि महंगाई का कुछ असर दिख रहा है। ग्राहक पहले सामानों की मरम्मत पर फोकस कर रहे हैं। कई तो ग्राहक तो आते हैं और सामान का रेट पूछकर चले जाते हैं।