भदोही। बकाया वसूली को चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को विभागीय टीम ने कई मोहल्लों में जाकर सघन जांच की। अभियान के दौरान एक लाख से ऊपर के 12 बकाएदारों की बिजली भी काट दी। वहीं बकाया डेढ़ लाख रुपये वसूला गया।
एसडीओ टाउन एके पाल ने कहा कि बहुत से लोग तो घरों पर मिल ही नहीं रहे हैं और घर छोड़कर भाग जा रहे हैं। विभागीय टीम ने बुधवार को जल्लापुर नईबस्ती, जमुनीपुर कालोनी, अंबर नीम, बाजार सलाबत खां आदि मोहल्लों में अभियान चलाया। टाउन एसडीओ ने बताया कि एक लाख से उपर के बकाएदारों कों ढूंढ-ढूंढ कर भुगतान मांगा जा रहा है, जो भुगतान नहीं कर रहा है उसकी बिजली काटी जा रही है।
बुधवार को लगभग डेढ़ लाख रुपये ही वसूली हो सकी, क्योंकि बहुत से लोग तो टीम को देखते ही शटर गिराकर गायब हो जा रहे थे। कहा कि भागने से काम नहीं चलेगा। इस समय विभाग बकाए को लेकर गंभीर है।
बताया कि आज की कार्रवाई में एक दर्जन उपभोक्ताओं की बिजली काट दी गई। कार्रवाई से शहर के बकाएदारों में खलबली मची रही।