ज्ञानपुर। जिले में बिजली बिल में त्रुटियां नई बात नहीं है। कई उपभोक्ताओं के यहां बिना कनेक्शन बिजली बिल आने के कई मामले सामने आ चुके हैं। इस बार विभाग ने बीते करीब दो दशक से मुंबई में परिवार सहित रहकर गुजर-बसर करने वाले एक व्यक्ति के नाम से बिजली कनेक्शन जारी कर दिया। घर आकर उसने पता किया तो 53 हजार रुपये का बिल भी आया हुआ मिला। बिजली विभाग के अधिकारी अब बिल जमा करने का दबाव बना रहे हैं। ऐसे में उसने जिलाधिकारी, एक्सईएन को शिकायती पत्र देकर जांच की मांग की है।
औराई थाना क्षेत्र के घोसिया वार्ड संख्या 10 निवासी फरजंद अली ने शिकायती पत्र में बताया कि वह अपने परिवार के साथ काफी समय से मुंबई में रहते थे। अब उम्र ज्यादा होने के कारण घर आ गए हैं। करीब दो महीने पहले जब घर आए तो बिजली कनेक्शन के लिए विभाग के दफ्तर में पहुंचे। इसपर पता चला कि उनके नाम पर तो बिजली कनेक्शन जारी है। विभाग से ही पता चला कि 22 फरवरी 2015 से ही कनेक्शन है। 53 हजार 178 रुपये का बिल भी बकाया है। बताया कि अधिकारी बकाया बिल जमा करने के लिए दबाव बना रहे हैं।
पड़ोसी के घर से जोड़कर जला रहे बिजली : फरजंद अली ने बताया कि उनके घर में अभी तक बिजली नहीं है। इस वजह से गांव के ही एक पड़ोसी के घर से तार खींच कर बत्ती जल रहे। कहा कि धोखाधड़ी करके बिजली कनेक्शन लेने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।