जौनपुर बाईपास मार्ग पर खंभों की शिफ्टिंग कार्य करते विद्युत कर्मचारी
- फोटो : BHADOHI
भदोही। सोमवार को जौनपुर बाईपास मार्ग पर बीच सड़क विद्युत खंभे से सवारी बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के बाद विद्युत विभाग प्रशासी मंगलवार को जागा और हाईवे पर बीच सड़क खंभों को हटाने का काम शुरू किया। सुबह 10 बजे से सायं 6 बजे तक तारों और खंभों को शिफ्ट किए जाने से आसपास के एक दर्जन गावों की आपूर्ति ठप रही। हाईवे को चौड़ा किए जाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। इस क्रम में सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे सड़क के दायरे में आ गए थे। इन्हें सड़क किनारे शिफ्ट किए जाने का कार्य महीनों से लंबित था। सोमवार को बस दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद विद्युत विभाग प्रशासन नीद से जगा और मंगलवार से शि फ्टिंग का कार्य शुरू हुआ। इसके लिए सुबह 10 बजे से 6 बजे शट डाऊन लिया गया। शट डाउन के दौरान एक दर्जन विद्युत कर्मियों ने खंभों को सड़क किनारे शिफ्ट किया। एक्सईएन राम कुमार ने बताया कि धौरहरा से लेकर इंदिरा मिल चौराहे तक कुल 55 खंभों को हटाया जाना है। आज 10 खंभों को शिफ्ट कर दिया गया। बताया कि हर रोज यह काम किया जाना है। जिसमे 10 दिन तक लग सकते हैं। इससे कारपेट सीटी व धौरहरा फीडर की आपूर्ति प्रभावित होगी। कार्य होने से नईबाजार, मर्यादपट्टी, परगासपुर, मर्दनपुर, रघुनाथपुर, शेरवां, डोमनपुर समेत बाजार सलाबत खां, नूरखांपुर, आलमपुर, बंधवा के लोगों को भारी परेशानी हुई।