गोपीगंज/सुरियावां। अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह के पहले पूरे जिले में हर्षोल्लास का माहौल है। लोग रामोत्सव के कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। जिले भर के मंदिरों में रामायण पाठ के साथ भजन कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में गोपीगंज के बाबा बड़े शिव मंदिर में रामोत्सव कार्यक्रम किया गया। इस दौरान लोक गायक राजेश परदेशी ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। जिसे सुनकर भक्त मंत्रमुग्ध हो गए। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष जितेन्द्र गुप्त व ईओ अमिता सिंह भी भजन में शामिल हुए। लोगों ने जय श्रीराम के नारे से कार्यक्रम का आनंद उठाया। मौके पर रवि पाण्डेय, पिंटू यादव, मोहित उमर, प्रिंशु जयसावाल, विष्णु पाण्डेय, आंचल श्रीवास्तव सहित अन्य रहे। इसी तरह सुरियावां के झिगंटपुर गांव में लोगों ने जय श्रीराम के नारे के साथ घर-घर पहुंच कर प्रभु श्रीराम का अक्षत व दीपोत्सव का निमंत्रण दिया। सूरजभान के नेतृत्व में अक्षत वितरण कर रहे लोगों ने बताया कि हमारा परम सौभाग्य है कि हम प्रभु श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा के साक्षी बन रहे हैं। मौके पर लोकेश वर्मा, निलेश पाल, सुभाष पाल मौजूद रहे। जिला कारागार में भी विराचाधीन बंदियों द्वारा भजन कीर्तन का किया गया।