ज्ञानपुर जिला अस्पताल के ओपीडी पर लगी मरीजों की भीड़। संवाद
ज्ञानपुर। शादी-विवाह में तले-भुने खाद्य पदार्थ खाने से इन दिनों लोगों की सेहत प्रभावित हो रही है। जिला अस्पताल में रोज की अपेक्षा इन दिनों 20 फीसदी ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं। अस्पतालों में पेट से जुड़े मरीजों की संख्या 20 फीसदी तक बढ़ गई है। ज्यादातर मरीजों के पेट और गले में जलन, आंखों में चुभन की शिकायत देखने को मिल रही है। महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल में औसतन हर दिन 800 की ओपीडी होती है। बुधवार को ओपीडी में मरीजों की संख्या 900 के पार पहुंच गई है। जिला अस्पताल के डॉक्टरों का मनाना है कि शादी विवाह के आयोजनों में देर रात तक लोग विभिन्न प्रकार के पकवानों का स्वाद चख रहे हैं। देर रात जगने के कारण नींद पूरी नहीं हो रही है। इस कारण डिहाइड्रेशन हो रहा है। जिला अस्पताल के नेत्र सर्जन डॉ. पीके सिंह ने बताया कि इन दिनों नेत्र विभाग में भी मरीजों की संख्या बढ़ी है। पहले जहां 50 से 60 मरीज आते थे। वहीं, अब 80-90 मरीज आ रहे हैं। तेज धूप निकलने के कारण आंखें लाल होना, पानी निकलना, जलन होने की समस्या बढ़ गई है।
इस तरह की समस्या से पीड़ित हैं मरीज
- डिहाइड्रेसन
- आंखों में जलन
- आंखे लाल होना
- बदन और सिर दर्द
- गले में जलन
- पेट में दर्द
सेहत को लेकर बरते सावधानी
- बाइक चलाने के दौरान हेलमेट जरुर पहने
- धूप में निकलें तो चश्मा लगाएं
- कीड़े-मकोड़े आंख में जाने पर डॉक्टर को दिखाएं
- ठंडे पानी से आंखों की सफाई करें
- ज्यादा मसालेदार व्यंजन खाने से परहेज करें
- रात में सोने से पहले और सुबह जगने के बाद गुनगुना पानी जरूर पीएं
नोट : ये सलाह डॉ. पीके सिंह ने दी है।