जिले में बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा 15 जून को 12 केंद्रों पर होगी। इसके लिए तीन सेक्टर और 12 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा दो-दो केंद्र की निगरानी के लिए छह केंद्र प्रतिनिधि भी बनाए गए हैं।इस बार बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजक है। 15 जून को पहली पाली में परीक्षा सुबह नौ से दो बारह बजे तक होगी। वहीं, दूसरी पाली में दोपहर दो से शाम पांच बजे तक परीक्षा होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक विकायल भारती ने बताया कि परीक्षा में 5500 अभ्यर्थी शामिल होंगे। 12 केंद्रों पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट के अलावा तीनों तहसील में तीन सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। बताया कि जिला स्तरीय अधिकारियों को स्टेटिक और एसडीएम व तहसीलदार को सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी दी गई है। हर दो केंद्र की निगरानी के लिए एक केंद्र प्रतिनिधि की भी ड्यूटी लगाई गई है।
इनसेट
200 मीटर परिधि में फोटोग्राफी प्रतिबंधित
ज्ञानपुर। डीआईओएस ने बताया कि जिले में 15 जून को निषेधाज्ञा लागू रहेगा। परीक्षा केंद्रों परिसर में मोबाइल और आस-पास ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। केंद्रों से 200 मीटर की परिधि में फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेगीं। बताया कि प्रश्न पत्रों को कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार के डबल लॉक में रखा जाएगा। अधिकारियों की निगरानी में प्रश्न पत्र केंद्र तक पहुंचेगा।
इनसेट
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
ज्ञानपुर में काशी नरेश राजकीय महाविद्यालय के साथ विभूति नारायण राजकीय इंटर काॅलेज और जिला पंचायत बालिका इंटर काॅलेज को केंद्र बनाया गया है। भदोही में डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय और मोढ़ स्थित सेवा सदन इंटर काॅलेज के साथ इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर काॅलेज, एमए समद इंटर काॅलेज व भदोही गर्ल्स इंटर कॉलेज को केंद्र पर परीक्षा होगी। इसके अलावा औराई के केशव प्रसाद मिश्र राजकीय महिला महाविद्यालय व श्री काशिराज महाविद्यालय इंटर कॉलेज में बीएड की परीक्षा होगी। उधर, खमरिया में राम संजीवनलाल इंटर काॅलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।