ज्ञानुपर। जिले में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को भदोही ब्लॉक के मिश्रीपुर गांव में एक पागल कुत्ते ने चार साल के मासूम पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मासूम को निजी हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। कुत्ते के काटने से मासूम को कुल 35 टांके लगे हैं।
मिश्रीपुर निवासी आकाश का चार वर्षीय मासूम हरिभजन बुधवार की दोपहर घर के सामने खेल रहा था। इसी बीच अचानक एक पागल कुत्ते ने उसके ऊपर हमला कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर जब परिजन दौड़े तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पागल कुत्ता मासूम को बुरी तरह जकड़ा हुआ था। गांव के लोग लाठी-डंडा लेकर दौड़े। जिसके बाद कुत्ता भाग निकला। कुत्ते के हमले से मासूम बुरी तरह जख्मी हो चुका था। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए महाराजा चेत सिंह जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने उसे इंजेक्शन लगाया।
डॉक्टरों के मुताबिक मासूम को 35 टांके लगाए गये हैं। हमले के कारण मासूम का हाथ, सर और मुंह बुरी तरह से जख्मी हो गया है। गौरतलब है कि इससे पहले चौरी में कुत्ते के आतंक ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया था। जहां तीन दर्जन से अधिक लोगों पर खूंखार कुत्ते ने हमला किया था। आवारा कुत्ते लोगों की जान के दुश्मन बने हुए हैं।