गोपीगंज। नगर पालिका परिषद गोपीगंज के वार्ड नंबर 11 अलीनगर के लोगों ने प्रदर्शन कर जाम पड़ी नाली को साफ कराने की मांग की। आरोप लगाया है कि पालिका कार्यालय से कुछ ही दूरी पर यह वार्ड है, लेकिन नगर प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाने में वर्षों से विफल है। इसका परिणाम है कि महिलाएं, बच्चे, वृद्ध, दिव्यांग मुख्य मार्ग पर फैले गंदे पानी से होकर आगे बढ़ते हैं। वार्ड से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए लाखों रुपये खर्च कर बनवाई गई नाली कई महीने से जाम है। कई बार हुई शिकायत के बावजूद अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। अधिकारी मौके का निरीक्षण करने के लिए समय नहीं निकाल रहे हैं। एक सप्ताह में समस्या का समाधान न होने पर पालिका कार्यालय का घेराव करना मजबूरी बनेगी। प्रदर्शन करने वालों में हफीजुल्ला, मोहम्मद हनीफ, गुलाम हुसैन, मोहम्मद वकील, अबुल हसन, बाकी, अख्तर अली, शमीम आदि रहे। अधिशासी अधिकारी अमिता सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराकर वार्डवासियों की समस्या दूर कराई जाएगी।