जंगीगंज। पूर्वोत्तर रेलवे के जंगीगंज स्टेशन पर रेलवे के दोहरीकरण के कार्य में तेजी आ गई है। माना जा रहा है कि दो महीने के अंदर रेलवे के आला अधिकारियों के निरीक्षण से काम ने तेजी पकड़ी। शीघ्र ही ज्ञानपुररोड, सरायजगदीश हाल्ट, अलमऊ, अहिमनपुर, कटका, माधोसिंह पर निर्माणाधीन प्लेटफार्म संख्या दो भी शीघ्र चालू हो जाएगा और ट्रेनों से यात्रा करने में यात्रियों को हो रही परेशानी से भी छुटकारा मिलेगा। बताते हैं कि खंड पर रेल विकास निगम की ओर से करोड़ों रुपए की कार्य योजना तैयार कर कार्यदाई संस्था जीडीसीएल काम करा रही है। कुछ माह पूर्व कार्य कच्छप गति से होने लगा। शिकायत के बाद आरवीएनएल के एमडी, सीएमडी, जीएम, डीआरएम तक निरीक्षण करने के लि ए आए। निरीक्षण में दबाव पड़ते ही दोहरीकरण, प्लेटफार्म-स्टेशन भवन निर्माण को तेजी के साथ शुरू हो गया। जो भी कार्य पूर्व में छोटी मशीन से कराई जा रही थी वह अब बड़ी मशीन लगाकर कराई जा रही है। निरीक्षण में डीआरएम वाराणसी वीके पंजियार ने कछवां से माधोसिंह तक 31 मार्च से ट्रेन दूसरे ट्रैक पर दौड़ाने का संकेत दिया था।