राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर राष्ट्रीय कैंसर जागरुकता दिवस मनाया गया। इस दौरान मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को कैंसर बीमारी के लक्षण, कारण और बचाव की जानकारी दी गईं। मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. एसके चक ने कहा कैंसर बीमारी से घबराने की जरुरत नहीं है। समय से जांच कराकर दवा का सेवन शुरु कर देना चाहिए। उन्होंने सभी फील्ड एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे समुदाय में तंबाकू सेवन करने वाले व्यक्तियों को इसके दुष्प्रभावों से अवगत कराएं। महिलाओं को स्तन या गर्भाशय संबंधित किसी भी लक्षण पर तत्काल जांच एवं उपचार कराने के लिए जागरुक करें। डिप्टी सीएमओ डॉ. आरबी पाठक ने सर्वाइकल कैंसर पर विस्तार पूर्वक से समझाया। इसके बचाव के लिए सरकार शीघ्र ही टीकाकरण शुरु करने वाली है। जिससे इस बीमारी की रोकथाम में मदद मिलेगी। औराई सीएचसी अधीक्षक डॉ. कृष्ण चंद्र दुबे ने ओरल (मुख) कैंसर एवं ब्रेस्ट कैंसर की विस्तृत जानकारी दी। तंबाकू सेवन से मुख कैंसर का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ब्रेस्ट कैंसर यदि प्रारंभिक अवस्था में पहचान लिया जाए, तो उसका उपचार संभव है। मौके पर डॉ.राहुल दुबे, डॉ. अंबरीश सिंह, डॉ. पंकज कुमार, डॉ.अंजनी गौरव, डॉ. राजीव पांडेय, डॉ. विनोद सिंह आदि मौजूद रहे।