चौरी। क्षेत्र के कई गांवों में सप्ताह भर से कुत्ते के आतंक से ग्रामीण दहशत में हैं। बृहस्पतिवार तक को पागल कुत्ते ने 36 से अधिक लोगों को काट लिया। देर शाम खूंखार कुत्ते को ग्रामीणों ने घेरकर मार डाला।
कुत्ते ने अधिकांश ग्रामीणों के गर्दन पर हमला किया है। जख्मी लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बरैला, सवरपुर, परसीपुर, चकभुईधर, दानुपट्टी , बरदहा गांव में पागल कुत्ते ने 36 से अधिक ग्रामीणों को काट लिया। जिस रास्ते से पागल कुत्ता गुजरता वहीं पर किसी न किसी पर हमला कर देता। पागल कुत्ते के हमले में घायल कालीराम दुबे (60) का इलाज वाराणसी के एक निजी चिकित्सालय में चल रहा है। जबकि असलम (55), रामधनी (45), सोनी (7), कादिर (35 ),रवि (13), आलम (15), मुकेश (20), राज कुमार (36) आदि का उपचार विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान पागल कुत्ते ने कई ग्रामीणों के मांस तक नोच लिया। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया था। गुस्साए ग्रामीणों ने आहोपुर गांव में लाठी डंडे से हमला कर कुत्ते को मार दिया।