ज्ञानपुर। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की मासिक समीक्षा बैठक की गईं। उन्होंने सीएमओ डॉ. एसके चक को सख्त अल्टीमेटम दिया कि झोलाछाप के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जो डॉक्टर जिले में निवास नहीं करते हैं, वह निवास सुनिश्चित कर लें। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों को चिह्नित कर पोषण पोटली वितरित किया जाए। स्कूल कॉलेजों में 31 दिसंबर तक कैंप लगाकर छात्र-छात्राओं के आखों का परीक्षण किया जाए। 70 साल से अधिक आयु के लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाए। कोई भी बुजुर्ग छूटने न पाए। डीएम ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन सत्र 2021-22 से 2024-25 तक ऑडिट चेक करने का निर्देश दिया। यूपी हेल्थ डैशबोर्ड के विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। स्वास्थ्य विभाग के हर कार्यक्रम की कंपोजिट रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत की जाए। एमओआईसी आशा व एएनएम की हफ्ते में बैठक कर समीक्षा की जाए। मातृत्व दर का सही डेटा प्रस्तुत किया जाए। पीएचसी के इन्फ्रास्ट्रक्चर में सुधार जरूरी है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर बिजली, पानी, दवा की उपलब्धता शत-प्रतिशत हो। बैठक में सीडीओ बाल गोविंद शुक्ल, सीएमओ डॉ. एसके चक, डीपीआरओ संजय मिश्र आदि मौजूद रहे।