ज्ञानपुर जिला अस्पताल में चिकित्सक का बंद केबिन। संवाद
- फोटो : विश्वविद्यालय
ज्ञानपुर। जिले में गोपीगंज सीएचसी की महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. राजबीर कौर दो महीने से निजी कारणों से अवकाश हैं। दूसरी तरफ जिला चिकित्सालय में तीन चिकित्सक एक सप्ताह और सीएमएस 10 दिन के अवकाश पर हैं। महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय के भी एक डॉक्टर एक सप्ताह के लिए छुट्टी पर हैं। सीएचसी-पीएचसी के पांच अन्य चिकित्सक पीजी करने गए हैं। इससे मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। जिले में तैनात 148 चिकित्सकों में से इस समय 11 चिकित्सक अवकाश पर चल रहे हैं। इनमें दो आर्थों, एक नेत्र रोग विशेषज्ञ, एक बाल रोग विशेषज्ञ और एक महिला रोग विशेषज्ञ हैं। जिला अस्पताल में रोजाना औसतन एक हजार की ओपीडी होती है। इनमें मौसमी बीमारियों के मरीज ज्यादा होते हैं। ठंड के कारण इन दिनों हड्डी के मरीजों की 100 के आसपास ओपीडी हो रही है। वहीं आंखों की समस्या के 60 से 65 मरीज पहुंचते होंगे। जिले का सबसे बड़ा अस्पताल होने के कारण यहां बच्चों की बीमारी के लिए भी हर दिन 60 से 70 मरीज आते हैं। अस्पताल में नेत्र व आर्थों के दो-दो चिकित्सक और एनआरसी के बाल रोग विशेषज्ञ भी ओपीडी देखते हैं। आर्थों, नेत्र व बाल रोग विशेषज्ञ के एक-एक चिकित्सक के अवकाश पर होने के कारण मरीजों को परेशानी होती है। भदोही एमबीएस से एक आर्थों के सर्जन अवकाश पर होने के कारण मरीजों की परेशानी बढ़ी है। भानीपुर सीएचसी के एक चिकित्सक चार दिन के लिए अवकाश हैं। सौ शय्या अस्पताल में चिकित्सकों की रोस्टरवाइज ड्यूटी जगजाहिर है। वहीं गोपीगंज सीएचसी पर तैनात महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. राजबीर कौर दो महीने से निजी कारणों से अवकाश पर हैं। बताया जाता है कि वे किसी बड़े भाजपा नेता की रिश्तेदारी में आती हैं। सीएचसी पर दो महीने महिला प्रसूताओं का उपचार अन्य चिकित्सक करते हैं। जिले में तीन बड़े अस्पताल सहित छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। यहां 29 बड़े स्वास्थ्य केंद्र हैं। संविदा रेगुलर मिलाकर 148 डॉक्टरों की तैनाती है। जिला अस्पताल में 12 डॉक्टरों सहित पांच ईएमओ हैं। भदोही एमबीएस में 17 डॉ. सहित आठ ईएमओ हैं। भदोही सीएचसी पर 13, गोपीगंज 12, सुरियावां 10, औराई 13, ट्राॅमा सेंटर सात, डीघ 14, भानीपुर सात, 100 शय्या अस्पताल में छह डॉक्टरों सहित चार ईएमओ हैं। 20 पीएचसी पर एक-एक डॉक्टर हैं। इनमें 45 संविदा पर हैं।