ज्ञानपुर। जिलाधिकारी गौरंग राठी की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें जनसुनवाई पोर्टल, आईजीआरएस एवं रिट की समीक्षा की गई। बैठक में अनुपस्थित होने पर डीएसओ सीमा सिंह और पूर्ति निरीक्षक औराई का वेतन रोकने का आदेश दिया। संबंधित से स्पष्टीकरण मांगा है।
डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री एवं अन्य उच्चाधिकारियों की तरफ से समय-समय पर आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों, निस्तारण की समीक्षा लगातार की जा रही है। इसलिए आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाले मामलों का निस्तारण संबंधित अधिकारी तत्काल करें। जो अधिकारी शिकायतों के प्रति गंभीर नहीं है और शिकायत डिफाल्टर की श्रेणी में जा रही हैं ऐसे अधिकारियों का वेतन तो रोका ही जाएगा और उनके प्रति विभागीय कार्यवाही भी अमल में लाई जाएगी। जिलाधिकारी ने तहसीलदार भदोही और औराई को चेतावनी देते हुए लंबित मामलों को निस्तारित करने का निर्देश दिया। जन सुनवाई पोर्टल पर टॉप फाइव लंबित डिफाल्टर मे तहसीलदार भदोही, तहसीलदार औराई, तहसीलदार ज्ञानपुर, उपजिलाधिकारी भदोही, उपजिलाधिकारी ज्ञानपुर शामिल है। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल्दबाजी में शिकायत निस्तारित न किए जाएं। आवेदक से दूरभाष पर वार्ता करने के बाद ही अंतिम निस्तारण आख्या अपलोड की जाए। इस मौके पर सीडीओ यशवंत कुमार सिंह, एडीएम शिव नारायण सिंह, कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एसडीएम शिव प्रकाश यादव, भान सिंह आदि रहे।