अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम सुरेश कुमार सिंह।
ज्ञानपुर। जिलाधिकारी सुरेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कैंप कार्यालय पर निर्वाचन की बैठक हुई। इसमें तीनों विधानसभाओं के 1169 बूथों को हैंडपंप, विद्युत, रैंप, शौचालय, फर्नीचर आदि सुविधाओं से लैस करने पर मंथन किया गया। इस दौरान डीएम ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि दो दिन के अंदर बूथों का सर्वे कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। खंड शिक्षा अधिकारी अभोली ने बताया कि अभोली ब्लॉक के 105 प्राथमिक विद्यालय/उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 35 में विद्युत कनेक्शन नहीं हैं और 14 विद्यालयों पर जाने के लिए मार्ग नहीं है। खंड शिक्षा अधिकारियों ने हैंडपंप, शौचालय और फर्नीचर की आधी अधूरी सूचना दी थी। इस पर डीएम ने उन्हें फटकार लगाई। हिदायत दी कि जब भी बैठक में आएं, सभी आंकड़े रखें। कहा कि जो विद्यालय उर्जीकृत नहीं हैं और बिजल बिल का भुगतान किया जा रहा है, उनकी सूची एक सप्ताह के भीतर मुहैया कराएं। डीएम ने यह भी कहा कि जनपद में कितने स्कूल बने हैं। कितना धन प्राप्त हुआ है, कितना व्यय किया गया है। मदवार रिपोर्ट दें। डीएम ने खंड शिक्षा अधिकारी औराई अरविंद पांडेय को बिंदुवार सूचना उपलब्ध कराने पर सराहना की। इस मौके पर एडीएम हरिलाल यादव, सीडीओ आरपी मिश्र, बीएसए प्रकाश नारायण श्रीवास्तव, बीईओ केडी पांडेय, रजनीश श्रीवास्तव, जंगीलाल, राधेश्याम त्रिपाठी, लालजी यादव, अनिल सिंह आदि रहे।