ज्ञानपुर केएनपीजी कालेज का मेन गेट। संवाद
ज्ञानपुर (भदोही)। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक के 150 छात्र-छात्राओं का रिजल्ट फंस गया है। इससे वह परास्नातक की कक्षाओं में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। छठे सेमेस्टर की परीक्षा के बाद उनका रिजल्ट वेटिंग और अनुपस्थित श्रेणी में दिखा रहा है। इससे वे परास्नातक और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। कॉलेज से लेकर विश्वविद्यालय तक दौड़ लगाने के बाद उनकी मार्कशीट की खामियों को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय वर्ष 2025 में मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय से संबद्ध हो गया है। इसके पूर्व यह कॉलेज महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी से संबद्ध था। 2024 तक बीए, बीकाम, बीएससी, एमए, एमकाम, एमएससी आदि पाठ्यक्रमों की पढ़ाई विद्यापीठ से ही चल रही थी। विश्वविद्यालय ने सेमेस्टर वाइज रिजल्ट जारी किया है। छठे सेमेस्टर की परीक्षा देने वाले 1750 छात्र-छात्राओं में से करीब 150 का रिजल्ट फंस गया है। किसी का रिजल्ट वेटिंग दिखा रहा है तो किसी को अनुपस्थित श्रेणी में रख दिया गया है। इससे छात्र-छात्राएं अगली कक्षाओं में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। ऐसे विद्यार्थी एक महीने से कॉलेज का चक्कर लगा रहे हैं। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि छह सेमेस्टर में किसी एक सेमेस्टर में आई दिक्कत के कारण कई विद्यार्थियों का रिजल्ट होल्ड किया गया है। इसमें विश्वविद्यालय की नामित एजेंसी की भी कमी सामने आई है।