ज्ञानपुर। जिला मजिस्ट्रेट विशाल सिंह की संस्तुति पर गुंडाएक्ट में निरुद्ध छह आरोपियों को पुलिस ने छह महीने के जिला बदर कर दिया है। आमजन के साथ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी, छेड़खानी, चोरी और आयुध अधिनियम के मुकदमे में नामजद आरोपियों पर यह कार्रवाई की गई। इसमें औराई कोतवाली से तीन, गोपीगंज, चौरी, सुरियावां से एक-एक के खिलाफ सख्ती हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि समाज में भय का माहौल बनाने एवं गुंडागर्दी में संलिप्त रहने पर मटकीपुर निवासी ओमप्रकाश दुबे, उपरौठ निवासी राजेंद्र यादव, दत्तीपुर निवासी राकेश कुमार यादव, केदारपुर निवासी राहुल सिंह, अमवा खुर्द निवासी वेद प्रकाश दुबे उर्फ फनफन और कनकपुर निवासी हिमांशु उर्फ कल्लू सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई।