खमरिया। नगर के खलवापुर में करीब 10 लाख की लागत से बना अंबेडकर पार्क नगर निकाय की उदासीनता से बदहाल होने लगा है। इससे सुबह-शाम व्यायाम या मार्निंग वाॅक के लिए आने वाले लोग किनारा करने लगे हैं। नागरिकों ने पार्क की सफाई की मांग की। नगरों में बच्चों के खेलने और लोगों के बैठने के लिए पार्क बनाए जा रहे हैं। तीन साल पूर्व खलवापुर में आंबेडकर की प्रतिमा के सामने करीब डेढ़ से दो बिस्वा में पार्क बनाया गया। शुरुआत में यहां 25 से 30 लोग सुबह-शाम व्यायाम करने आते। बाजार के मध्य होने से अक्सर लोग वहां बैठे रहते लेकिन नगर पंचायत की तरफ से साफ-सफाई न कराए जाने से कई स्थानों पर कूड़े का ढेर लग गया है। नगर के जगदीश, राम प्रकाश, मोहसिन आदि ने बताया कि सफाई की मांग कई दिनों से की जा रही है लेकिन निकाय की तरफ से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी जितेंद्र सिंह यादव ने कहा कि मामला संज्ञान में है। एक से दो दिन में साफ-सफाई करा दी जाएगी।