ज्ञानपुर। सरपतहां स्थित सौ शैय्या अस्पताल के मुख्य गेट के ऊपर लगा बोर्ड एक साल से जर्जर होकर लटका हुआ है, जो किसी भी वक्त गिर सकता है। स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार लगातार इसकी अनदेखी कर रहे हैं। सौ शैय्या अस्पताल की ओपीडी में हर दिन 150 से 200 मरीज आते हैं। इसके अलावा इसी में डायलिसिस यूनिट होने के कारण अक्सर मरीज और तीमारदारों की भीड़ लगी होती है। मुख्यालय के समीप होने के कारण अक्सर अधिकारियों का भी आना-जाना लगा रहता है। चिकित्सालय के मुख्य द्वार पर लगा जर्जर बोर्ड महीनों से लटक रहा है। लोगों का कहना है कि अगर इसे नहीं उतारा गया तो किसी दिन अनहोनी का कारण बन सकता है। सीएमएस डॉ. सुनील कुमार पासवान ने बताया कि बोर्ड लटका हुआ है। उसे जल्द ही बदलवा दिया जाएगा।