रुक रुक कर लगातार हो रही वर्षा से नगर में डायरिया लोगों को गिरफ्त में ले रहा है। उल्टी-दस्त की शिकायत मिलने के बाद अलग अलग निजी अस्पतालों में मरीजों का उपचार कराया जा रहा है। नगर के अब्बासनग में सड़क पर पानी लगा हुआ है। जगह जगह कूड़ा डंप है। जिससे लोग बीमार हो रहे हैं। लोगों ने बताया कि हुसैन हाशमी, असलम हाशमी, शमा बानो, रिजवान हाशमी, फातिमा बेगम, लल्ली, रेहाना, जुबैदा खातून, गुफरान सहित कुल 25 लोग अलग अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। इस संबंध में सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने बताया कि नईबाजार के एक वार्ड में कुछ लोगों को उल्टी-दस्त होने की सूचना मिली है। स्वास्थ्य विभाग की टीम को वहां रवाना कर दिया गया है। मुहल्लेवासियों का कहना है कि नगर पंचायत द्वारा इलाके में साफ-सफाई अभी तक नहीं करायी गई है। ब्लीचिंग युक्त पेयजलापूर्ति कराये जाने की मुहल्लेवासियों ने मांग की है।