होंडा बाईक शोरू में बाइक के बारे में पूछताछ करते खरीदार। स्रोत- संवाद
भदोही। धनतेरस पर शनिवार को बाजार दिनभर गुलजार रहा। सोने चांदी के आभूषणों की दुकानों से लेकर पटरी व्यवसायियों की दुकानें भी गुलजार रहीं। इसके अलावा बाइक-कार शोरूम में दिनभर वाहन खरीदने वालों की भीड़ लगी रही। बड़ी संख्या में लोगों ने जहां खरीदारी की, वहीं ऐसे भी रहे, जो शनिवार होने के नाते रविवार और सोमवार को खरीदारी करेंगे। भदोही नगर में कटरा बाजार में भारी खरीदारी हुई। इसके अलावा स्टेशन रोड, मेन रोड पर खरीदारी करने वालों की भारी भीड़ रही। अस्थायी दुकानों के अलावा बहुत से दुकानों ने सड़क की पटरी कर अपने उत्पाद सजाए थे। पूरे शहर में सराफा, बाइक, कार बर्तन की खरीदारी चरम पर रही। बड़े से लेकर छोटे दुकानों पर भीड़ देखी गई। सोने और चांदी की आसमान छूती कीमतों के बाद भी सराफा की दुकानों पर भीड़ रही। विशेषकर महिलाओं ने बाजारों में अच्छी खरीदारी की। कटरा बाजार में बर्तन खरीदारी करने वाली महिला सुषमा देवी ने कहा कि आज धनतेरस है। पूर्वज आज के दिन खरीदारी करते रहे हैं, सो हम उस चलन को बरकरार रखे हुए हैं। उधर मारुति शोरूम के संचालन नुमान खां ने बताया कि आज 20 कार उन्होंने बेची है लेकिन यह भी कहा कि बहुत से लोगों ने शनिवार के नाते आज वाहन नहीं उठाया। बताया कि रविवार और सोमवार भी खरीदारी के लिहाज से अच्छा जाएगा। बताया कि अगले दो दिन में 15-20 कार और बिकेगी। राॅयल इनफील्ड शोरूम के संचालक पुनीत मेहरा ने बताया कि शनिवार के चलते हमारी 40 वाहन की बुकिंग है। रविवार और सोमवार के लिए। वहीं शुक्रवार को 30 बाइक बिक चुकी हैं।