ौनी अमावस्या पर सेमराध गंगा घाट पर स्नान करते श्रद्धालु। संवाद
- फोटो : BHADOHI
मौनी अमावस्या के दिन श्रद्धालुओं ने शुभ मुहूर्त में आस्था की डूबकी लगाई। जिले में मंगलवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा फिर भी विभिन्न गंगा घाटों पर लोगों की भीड़ उमड़ी। गंगा में स्नान कर लोगों ने पुण्य अर्जित किया। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर रखी थी।अमावस्या पर रामपुर गंगा घाट, सेमराधनाथ, सीतामढ़ी आदि घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। घने कोहरे के बीच प्रात:काल से ही स्नानार्थी गंगा घाट पर पहुंचने लगे थे। सभी गंगा घाटों पर पुलिस प्रशासन के तरफ से विशेष व्यवस्था की गई थी। सेमराधनाथ में कल्पवासियों के अलावा बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान कर रहे हैं। रामपुर बेरासपुर, बिहरोजपुर, गुलौरी, जहागीराबाद, डेरवा आदि घाटों पर भी लोग स्नान किए। मौनी अमावस्या के बारे में पंडित श्रीनाथ त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार की दोपहर दो बजे से ही मौनी अमावस्या लग गई थी ऐसे में सोमवती अमावस्या मान कर बड़ी संख्या में लोगों ने स्नान और दान किया। इसी वजह से गंगा घाटों पर अमावस्या का स्नान पर्व आरंभ हो गया, लेकिन सनातनी मान्यता के लिहाज से पुण्यकाल मंगलवार की सुबह उदया तिथि से माना जा रहा है। जिससे मंगलवार को दिन भर लोग मौनी अमावस्या पर्व का स्नान किए। ऐसा संयोग 27 वर्ष बाद बना है। जो काफी पुण्यदायी है।