शारदीय नवरात्र में देवी मंदिर आस्थावानों से गुलजार है। मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। भोर से ही श्रद्धालुओं की कतारें देवी मंदिरों में मां के दर्शन पूजन के लिए लग जा रही हैं। शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को भक्तों ने मां चंद्रघंटा की आराधना की। शहर से लेकर गांव तक के देवी मंदिर में सुबह से मां के जयकारों से गूंजने लगे।
जिले के विभिन्न मंदिरों में पूजन के लिए सुबह से भक्तों की कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु पूजा की थाली सजाकर मां के दरबार में पहुंचे। भक्तों ने मां को नारियल, चुनरी, प्रसाद अर्पित कर मनोकामना पूर्ति का वरदान मांगा। पंडित दीनानाथ शुक्ल ने बताया कि मां चंद्रघंटा का रूप बहुत ही सौम्य है। नवरात्रि के तीसरे दिन देवी चंद्रघंटा की उपासना की जाती है। मां चंद्रघंटा की आराधना करने से अहंकार नष्ट होता है और उनको सौभाग्य, शांति और वैभव की प्राप्ति होती है। ज्ञानपुर के घोपैला माता मंदिर में दिन भर पूजन अर्चन का सिलसिला चलता रहा। भक्तों ने मां से सुख-शांति का वरदान मांगा। इसके अलावा बाबा हरिहरनाथ, दूधनाथ मंदिर के साथ मां काली मंदिर पर भी दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। भदोही कटरा बाजार स्थित मां शीतला मंदिर, औराई स्थित मां कड़े माता मंदिर, बाबूसराय क्षेत्र के चेरापुर गांव स्थित मां दुर्गा मंदिर, गोपीगंज के सदर मोहाल के मां दुर्गा मंदिर, पसियान मोहाल की मां बम्बा देवी मंदिर, पश्चिम मोहाल स्थित चौरा माता मंदिर,
और सुरियावां के बड़ी महारानी मंदिर में बड़ी संख्या में भक्त दर्शन को पहुंचे। नवरात्र के दौरान देवी मंदिरों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
-
गांव की निगहबानी करते हैं डीह बाबा
ज्ञानपुर। डीघ ब्लॉक के गांधी गांव में गिराई दानूपुर मार्ग पर स्थित अति प्राचीन खोराबीर मंदिर में शायर माता के साथ विराजमान डीह बाबा आस पास गांव की निगहबानी करते हैं। नवरात्रि में जहां प्रतिदिन दर्शन पूजन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रहती है। वही हर मंगलवार को मेले का आयोजन किया जाता है। यहां दूरदराज के लोग भी मनौती के लिए पहुंचते हैं। मान्यता है कि डीह बाबा शायर माता के साथ लोगों की हर मनोकामना पूरी करते हैं। डीह बाबा गांव की निगहबानी करते है।
अमवा माफी में चार दिवसीय दुर्गा पूजन समारोह
गोपीगंज। क्षेत्र के अमवां माफी में चार दिवसीय दुर्गा पूजन समारोह का भव्य आयोजन किया गया है। भव्य पूजा पंडाल में शनिवार को सप्तमी के दिन प्रतिमा स्थापित कर प्राण प्रतिष्ठा के साथ दुर्गा पूजा का शुभारम्भ होगा। यह जानकारी आयोजक पंडित कलक्टर मिश्र ने दी। बताया कि रविवार को आरती पूजन एवं भगवती जागरण का आयोजन किया गया है। भगवती जागरण में पूर्वांचल के प्रमुख लोकगीत गायक बाबा पांडेय जहां भजन व गीत प्रस्तुत करेंगे। वही वृन्दावन के कलाकार मनमोहक झांकी के साथ शामिल होंगे। सोमवार को हवन पूजन के बाद विशाल भंडारा आयोजित होगा।