बिंद्राबाजार में विसर्जन जुलूस में नाचती- गाती महिलाएं। संवाद
गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना’ के जयघोष से बिंद्राबाजार क्षेत्र भक्तिमय रहा। गंभीरपुर में ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच गणेश प्रतिमा की विसर्जन यात्रा निकाली गई। महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु नाचते-गाते पूरे बाजार से गुजरे। बाबा विश्वनाथ दास मंदिर के बगल स्थित जलाशय में विधि-विधान से प्रतिमा का विसर्जन किया गया। समाजसेवी संदीप कुमार स्वर्णकार की ओर से आयोजित गणेश उत्सव में प्रतिदिन पूजा-अर्चना और आरती हुई। शनिवार की रात आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। विसर्जन यात्रा में प्रदीप सोनी, शशिकांत उपाध्याय, संतोष कुमार, नरसिंह यादव, अरुण गुप्ता, इंजीनियर संजय यादव समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे। उधर, बरदह के चौकी गांव में अजीत राय के घर स्थापित गणपति प्रतिमा की सातवें दिन भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना हुई। शाम को गांव और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया। पंडित किशुनदेव तिवारी ‘महात्मा’ और चीकू पंडित के मंत्रोच्चार के बीच गणपति बप्पा के जयकारों से पूजा स्थल गूंज उठा। ग्रामीणों के अनुसार चौकी गांव में गणेश पूजा की परंपरा करीब 15 से 20 वर्षों से चली आ रही है।