फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhadohi News: हाईस्कूल में देवेश और इंटर में शिक्षा का जलवा

विज्ञापन
विज्ञापन
ज्ञानपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने शनिवार को दसवीं और बारहवीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे खिल गए। उनके परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। हाईस्कूल में देवेश कुमार कन्नौजिया और इंटर में शिक्षा देवी जिला टॉपर रहीं। ऑल यूपी टॉप टेन की सूची में हाईस्कूल के दो और इंटर की एक छात्रा ने जगह बनाई है। जिले में हाईस्कूल के 96.08 और इंटर में 84.54 फीसदी परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा पास करने में कामयाब रहे। यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षा 16 फरवरी से नौ मार्च तक हुई थी। जिले में कुल 96 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 56148 विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा दी थी। इसमें हाईस्कूल के 30181 और इंटरमीडिएट के 25967 परीक्षार्थी शामिल रहे। बोर्ड की ओर से जारी नतीजों के मुताबिक हाईस्कूल में राजकीय बालिका इंटरमीडिएट काॅलेज रामनगर, सरायकंसराय के छात्र देवेश कुमार कन्नौजिया 97 फीसदी अंक के साथ जिले में प्रथम स्थान पर रहे। उन्हें 600 में 582 अंक प्राप्त हुए। देवेश यूपी टॉपरों की सूची में नौंवे स्थान पर रहे। पंडित रामतवंकल इंटरमीडिएट कॉलेज रोही, भदोही की छात्रा आकांक्षा 600 में 581 अंक पाकर दसवें स्थान पर रहीं। वहीं, इंटर में मिठाईलाल चंद्रभान गुप्ता बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज की शिक्षा देवी 96.2 फीसदी अंक के साथ जिले में अव्वल रहीं। उन्हें 500 में 481 अंक प्राप्त हुए। वह इंटर यूपी टॉप टेन की सूची में शिक्षा भी नौंवे स्थान पर रहीं। यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम को लेकर सुबह से ही परीक्षार्थी उत्सुक दिखे। घड़ी की सुई के साथ उनकी धड़कनें बढ़ती रहीं। दोपहर दो बजे बोर्ड की ओर से परिणाम जारी होते ही कुछ परीक्षार्थी साइबर कैफे की ओर दौड़ पड़े। कुछ परीक्षार्थी मोबाईल में बोर्ड की वेबसाइट पर नतीजा देखने में मशगूल हो गए। बोर्ड परीक्षा पास होने वाले विद्यार्थी हाथ में मिठाई लेकर घर लौटे। अभिभावकों ने उन्हें मिठाई खिलाकर सफलता की बधाई दी। इसके बाद सफल परीक्षार्थियों ने स्कूल जाकर शिक्षकों का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं मंदिरों में मत्था टेककर दर्शन-पूजन किया। असफल परीक्षार्थी मायूस नजर आए। अभिभावकों और शिक्षकों ने उन्हें कड़ी मेहनत करने की सलाह दी। जिले में हाईस्कूल के 96.08 फीसदी और इंटर में 84.54 फीसदी बच्चे उत्तीर्ण हुए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें