सुरियावां। नगर से कैड़ा होते हुए बहुता चकडाही तक भदोही की सीमा तक के मार्ग की हालत जर्जर हो गई है। सिंगल रोड होने के कारण इस रोड पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों द्वारा काफी समय से इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग उठ रही है। नगर से होते हुए भदोही सीमा से होकर सीधे जौनपुर को जोड़ने वाली सड़क पर 24 घंटे आना-जाना लगा रहता है। इस मार्ग पर भारी वाहनों के साथ स्कूली बस और वाहन भी चलते हैं। सिंगल रोड सड़क होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस मार्ग पर कैड़ा बहूता वरुणा नदी घाट पर 30 साल पूर्व नागरिकों के सहयोग से चार लाख में पुल बनाया गया था। वह पुल भी अब जर्जर हो चुका है। लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के साथ पुल के मरम्मत की भी आवश्यकता है,लेकिन जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य आशीष सिंह ने बताया कि मार्ग के चौड़ीकरण और पुल की मरम्मत को लेकर जिले के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से मांग की गई है। मांग पूरी होती है तो एक बड़ी समस्या का समाधान हो सकेगा। संवाद