भदोही। जनता दल (यूनाइटेड) ने प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री से भदोही जिले को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की। जिलाध्यक्ष सर्वेश राय ने प्रधानमंत्री सहित मुख्यमंत्री और डीएम भदोही को पत्रक भेज कर जिले के किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। जिलाध्यक्ष ने पत्रक में कहा कि जनपद भदोही औद्योगिक कालीन नगरी है। पूर्वी उत्तर प्रदेश का यह सबसे बड़ा उद्योग है। यहां की बनी हस्तनिर्मित कालीनें न केवल देश में बल्कि विश्वविख्यात हैं। लेकिन इस समय कालीन उद्योग मंदी के दौर से गुजर रहा है। यह जनपद कृषि क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण स्थान रखता है। कृषि कार्य के बाद खाली समय बुनकर कालीन बुनाई करते हैं। इस मौसम में खरीफ की बुआई की गई है। लेकिन जिले में औसत से भी कम बारिश दर्ज की गई है। राय ने कहा कि कम वर्षा के कारण अधिकांश किसानों की फसल सूख गईं हैं या सूखने के कगार पर है। इसको लेकर किसान चिंतित हैं। उनके सामने अब पशुओं के चारे की भी समस्या खड़ी हो गई है। कहा तत्काल जिले को सूखा घोषित किया जाए। संवाद