भदोही। अक्तूबर में इंडिया काॅरपेट एक्सपो भदोही में होगा या कहीं और, इस पर संशय बना हुआ है। आमतौर पर अब तक कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) की वेबसाइट पर पहले से आयोजन स्थल भदोही लिखा होता था, लेकिन मौजूदा समय में परिषद की वेबसाइट पर उत्तर प्रदेश लिखे होने से कालीन निर्यातकों की भृकुटि तन गई है।
दरअसल पहले सीईपीसी का एक एक्सपो मार्च में नई दिल्ली में और दूसरा अक्तूबर में वाराणसी में होता था। भदोही में काॅरपेट एक्सपो मार्ट के शुभारंभ के बाद से इसका आयोजन भदोही में होने लगा। वर्ष 2022 और वर्ष 2023 में भदोही के मार्ट में इसके आयोजन के बाद यह माना जाने लगा था कि अक्तूबर में एक्सपो भदोही में ही होगा, लेकिन पिछले दिनों कुछ लोगों ने देखा कि वेबसाइट पर अक्तूबर का इंडिया कारपेट एक्सपो भदोही न लिख कर उत्तर प्रदेश लिखा है। प्रमुख कालीन निर्यातक आलोक बरनवाल ने कहा कि एक्सपो तो भदोही में ही होना चाहिए और जो लोग यहां होटल और रेस्त्रां की कमी की बात करते हैं, तो सुधार होते रहेंगे। भदोही में इतना कीमती एक्सपो मार्ट बना है, उसका सदुपयोग होना चाहिए। इस बाबत सीईपीसी के प्रभारी चेयरमैन डाॅ. रोमेश खजूरिया ने कहा कि फेयर की तिथि और स्थान का निर्णय प्रशासनिक समिति को करना है। 30 मई को दिल्ली में होने वाली पहली बैठक में इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।