भीखीपुर गांव में मृतक के रोते विलखते परिजन। स्रोत जागरूक पाठक
वहिदानगर। कोइरौना थानाक्षेत्र के भीखीपुर निवासी महेंद्र कुमार यादव (45) की 24 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश में करंट लगने से मौत हो गई। शुक्रवार को शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। महेंद्र हिमाचल प्रदेश की एक नट-बोल्ट बनाने वाली कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के मुताबिक 24 दिसंबर को ड्यूटी के दौरान मशीन पर काम करते समय अचानक करंट की चपेट में आ गए। इससे उनकी मौत हो गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को एंबुलेंस से शव गांव लाया गया। मृतक की पत्नी सुनीता देवी (40) का रो-रोकर बुरा हाल है। सदमे के कारण वह बार-बार बेहोश हो जा रही थी। वहीं, मृतक के दोनों पुत्र अनिल (23) और धीरज (20) हादसे से टूट चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि महेंद्र कुमार ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। रोजी-रोटी के लिए बाहर रहकर काम कर रहे थे। घर की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। हादसे से परिवार पर आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।