पुलिस पर हमला करने पर पकड़े गए आरोपी। स्रोत पुलिस
ज्ञानपुर। लखनो गांव में बुधवार की रात करीब नौ बजे एससी-एसटी और मारपीट के आरोपी को छुड़ाने की कोशिश का मामला प्रकाश में आया। आरोपी के परिजनों ने दो पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला किया। पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके तीन को गिरफ्तार किया है। सुरियावां थाने के आरक्षी आशीष कुमार ने तहरीर देकर बताया कि 21 जनवरी की रात नौ बजे आरक्षी शशिकांत भारती के साथ एससी-एसटी के आरोपी राजू निवासी आंबेडकर नगर को एसडीएम भदोही कार्यालय लेकर गया। वहां से रिमांड स्वीकृत होने पर जिला कारागार ले जा रहे थे। जिला कारागार में दाखिल कराने के बाद वापस सुरियावां आ रहे थे कि लखनो तिराहे के आगे पेट्रोल पंप से 100 मीटर पहले दो बाइक से छह लोग आए। तेज आवाज में गाली देकर पूछा कि मेरे लड़के को जेल में कैसे दाखिल कर दिए। मेरे साथी आरक्षी शशिकांत को जमीन पर पटककर कल्लू अनवर जान से मारने की नीयत से सिर पर ईंट से प्रहार करके घायल कर दिए। मैंने छुड़ाने की कोशिश तो मुझे भी मारने लगे। आरक्षी शशिकांत का इलाज वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। पुलिस ने मामले में कल्लू उर्फ अनवर उर्फ शहजादे, सोनू, जुगनू, भाईजान निवासी आंबेडकर नगर, बीडीसी मनापुर प्रदीप सरोज और धीरज निवासी शिवपुर मड़ियाहू जौनपुर के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने सहित कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में एसपी ने बृहस्पतिवार की सुबह आरोपी भाईजान, धीरज और प्रदीप सरोज को ज्ञानपुर के विकईयाधाम से गिरफ्तार कर लिया। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि तीन आरोपी गिरफ्तार हो गए हैं। तीन की तलाश के लिए टीम दबिश दे रही है।