मोढ़। भदोही कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नेवादा कलां स्थित एक तालाब में शुक्रवार को दोपहर एक युवती का शव उतराया हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक तहकीकात के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत मे लेकर पूछताछ कर रही है। शव की पहचान उसी गांव के चंदू शर्मा की 19 वर्षीय पुत्री नेहा के रूप में हुई है, जो दो दिन पूर्व से घर से लापता थी।
दो दिन पूर्व युवती के घर से गायब होने के बाद परिजनों ने तहरीर देकर गांव के ही एक युवक पर बहला-फुसला कर भगा ले जाने का आरोप लगाया था। पुलिस तहरीर के आधार पर उक्त युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर युवती की बरामदगी का प्रयास कर ही रही थी कि तालाब में उसका शव मिलने की सूचना मिल गई। तालाब में शव मिलने की सूचना भर से गांव में हड़कंप मच गया। बेटी का शव पहचान कर परिजन बिलख-बिलख कर रोने लगे। भदोही कोतवाली प्रभारी अजय सेठ ने मौका मुआयना किया और शव को बाहर निकलवाया। एएसपी राजेश भारती ने बताया कि 3 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पहले से नामजद आरोपी की तलाश की जा रही है। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी।