रणई में तालाब में शव मिलने के बाद मौके पर विलाप करती घर की महिलाएं। स्रोत-ग्रामीण
भदोही। कोतवाली क्षेत्र के रणई गांव स्थित गुल्लीबीर तालाब में रविवार की शाम कालीन मजदूर राजन सरोज (35) निवासी जलालपुर का शव मिला। वह घर से रात नौ बजे निकला था लेकिन लौटा नहीं। तालाब के पास उसकी चप्पलें देखकर लोगों ने आशंका जताई। परिजनों ने हत्या कर शव तालाब में फेंकने का आरोप लगाया है। जलालपुर निवासी राजपति सरोज के चार पुत्रों में राजन दूसरे नंबर पर था। वह मेहनत मजदूरी कर परिवार का जीविकोपार्जन करता था। मृतक के भाई ने बताया कि वह अक्सर रणई गांव स्थित गुल्लीबीर तालाब पर नहाने जाते थे। शनिवार की रात नौ बजे वह घर से निकले थे। अक्सर देर रात घर लौटते थे। यही कारण है कि शनिवार की रात में किसी ने ध्यान नहीं दिया लेकिन सुबह तक जब वह वापस नहीं आए तो तलाश शुरू हुई। बताया कि लोगों ने गुल्लीबीर तालाब पर जाकर देखा तो वहां उनकी चप्पल और बीड़ी पड़ी थी। इसके बाद तालाब में डूबने की आशंका जताई गई। जानकारी होने पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आसपास के ग्रामीण भी तालाब किनारे जमा हो गए। ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर तलाश शुरू की तो कुछ ही देर में शव मिल गया। भदोही कोतवाली प्रभारी भदोही सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।