ज्ञानपुर। भदोही के सपा विधायक जाहिद जमाल बेग के आवास से बरामद की गई नाबालिग नौकरानी की कस्टडी उसके भाई को मिलेगी। अपर सत्र न्यायाधीश पॉक्सो मधु डोगरा की अदालत के आदेश के अनुपालन में बाल कल्याण समिति की ओर से शुक्रवार को अधीक्षिका राजकीय बाल गृह बालिका प्रयागराज को आदेश दिया। भदोही के सपा विधायक जाहिद जमाल बेग के मालिकाना मोहल्ले स्थित आवास की तीसरी मंजिल के कमरे में नौकरानी ने आठ सितंबर को फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली थी। जिसके बाद श्रम विभाग व सीडब्ल्यूसी की टीम ने आवास से एक अन्य नाबालिग नौकरानी को बरामद किया था। सीडब्ल्यूसी ने उसे प्रयागराज बालिका गृह भेजवाया। जिसके बाद किशोरी के भाई ने सीडब्ल्यूसी में नाबालिग नौकरानी के कस्टडी को याचिका डाली। जहां सीडब्ल्यूसी ने किशोरी के भाई की याचिका खारिज कर दी। जिसके बाद उसके भाई ने अपर सत्र न्यायाधीश पाेक्सो मधु डोगरा की अदालत में याचिका दाखिल की। कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद बाल कल्याण समिति की याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने किशोरी की कस्टडी उसके भाई को सौंपने का निर्देश देते हुए जिलाधिकारी को उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। बाल कल्याण समिति को विधिक नियमों के अनुसार किशोरी की सुपुर्दगी उसके भाई सद्दाम को सौंपने का निर्देश दिया। शुक्रवार को सीडब्ल्यूसी चेयरमैन पीसी उपाध्याय ने अधीक्षिका को आदेशित किया कि किशोरी को उसके भाई के संरक्षण में नियमानुसार दिया जाए। उसके भाई ने बाल कल्याण समिति के समक्ष किशोरी के शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा के संबंध में शपथ पत्र दिया। समिति ने यह भी कहा कि हर महीने की एक से पांच तारीख के मध्य आकर किशोरी के स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा बारे में जानकारी दी जाए।